Header Ads Widget

Spasht Express 15 Aug 2024

स्पष्ट एक्सप्रेस।
14 अगस्त 2024: सहारनपुर निवासी व्यापारी सौरभ बब्बर ने अपनी पत्नी मोना के साथ आत्महत्या कर ली। दंपति ने हरिद्वार में गंगा में कूदकर अपनी जान दे दी। सौरभ कर्ज से परेशान थे। जान देने से पहले उन्होंने सेल्फ़ी और सुसाइड नोट दोस्त के मोबाइल पर भेज दिया था।
          यूपी के सहारनपुर निवासी व्यापारी ने अपनी पत्नी के साथ आत्महत्या कर ली। दंपति ने हरिद्वार में गंगा में कूदकर अपनी जान दे दी। देर शाम तक पत्नी का शव नहीं मिल सका। वहीं, पति के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मरने से पहले दंपति ने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उन्होंने कर्ज से परेशान होकर जीवन लीला समाप्त करने की बात लिखी थी। इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. दंपति के दो मासूम बच्चे हैं।
          बता दें कि सहारनपुर के रहने वाले इस सर्राफ व्यापारी का नाम सौरभ बब्बर है और उनकी पत्नी का नाम मोना बब्बर है। दोनों बाइक से करीब 100 किमी की दूरी तय कर हरिद्वार पहुंचे फिर वहां आखिरी बार साथ में एक सेल्फ़ी ली, उसे सुसाइड नोट के साथ दोस्त के व्हाट्सएप पर सेंड किया। इसके बाद गंगा में छलांग लगा दी. सौरभ के शव को बरामद कर लिया गया है जबकि मोना के शव की तलाश जारी है।
          बताया जा रहा है कि व्यापारी सौरभ के ऊपर करोड़ों रुपये कर्ज हो गया था। ब्याज की किस्तों से वो परेशान हो गए थे। मजबूरी में उन्होंने अपनी पत्नी मोना के साथ हरिद्वार की गंगा में कूदकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में सौरभ ने लिखा कि कर्ज में डूबे हुए हैं, ब्याज दे-देकर परेशान हो चुके हैं। अब हमसे और ब्याज नहीं दिया जाता. इसलिए मौत को गले लगाने जा रहे हैं। जहां से भी आत्महत्या करेंगे वहां से सेल्फी भेज देंगे।
          सौरभ का शव कल (12 अगस्त) गंग नहर से मिला है लेकिन अभी उसकी पत्नी का कोई पता नहीं चल सका है. इस घटना के बाद से व्यापारी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. सौरभ के शव को सहारनपुर लाकर अंतिम संस्कार किया गया. वहीं, उनकी पत्नी की तलाश पुलिस और गोताखोर कर रही है।
          परिजनों के मुताबिक, दोनों की शादी लगभग 18 साल पहले हुई थी और इनके दो बच्चे हैं. बड़ी लड़की 12 साल की है और लड़का 7 साल का है जो पैरों से दिव्यांग है. सौरभ किशनपुरा मार्केट में ज्वैलरी का काम करते थे. साथ ही कमेटी सिस्टम (किस्तों पर पैसे उधार लेना) भी चलाते थे. बताया जा रहा है कि करीबन 5 कमेटियां सौरभ ने चला रखी थी. एक कमेटी में 200 मेंबर थे और एक मेंबर की ₹2000 की किस्त थी. सभी कमेटियों की मियाद पूरी हो चुकी थी और सभी को पैसे देना था।
          उधर, व्यापार में घाटा हो रहा था और इधर कमेटी वालों को पैसे देना था. जबकि, सौरभ के पैसे थे नहीं. कर्जदार उसे परेशान करने लगे. इन सबसे तंग आकर सौरभ ने खौफनाक कदम उठा लिया. वह पत्नी को बाइक पर बैठाकर सहारनपुर से करीब 100 किलोमीटर हरिद्वार पहुंचा और वहां जाकर गंगा में छलांग लगा दी. कूदने से पहले उन्होंने लास्ट कॉल अपने घर पर की थी, जिसकी रिकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इस कॉल में सौरभ बब्बर कह रहे हैं कि यह वीडियो सबको दिखा देना, हम हरिद्वार में हैं और अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहे हैं, यहां से छलांग लगाने जा रहे हैं।
          सौरभ बब्बर ने सुसाइड नोट में लिखा- "मैं सौरभ बब्बर कर्ज के दलदल में इस कदर फंस गया हूं कि बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा. अंत में मैं और मेरी धर्मपत्नी मोना बब्बर अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहे हैं. हमारी किशनपुरा वाली प्रॉपर्टी हमारे दोनों बच्चों के लिए है. हमारे बच्चे अपनी नानी के घर रहेंगे. उनका जीवन अब हम पति-पत्नी उन्हीं के हवाले करके जा रहे हैं. हमें किसी और पर भरोसा नहीं है. जब हम आत्महत्या करेंगे तो व्हाट्सएप पर फोटो शेयर कर देंगे।
          सौरभ ने हरिद्वार के पास गंगा के पुल पर खड़े होकर अपनी पत्नी के साथ फोटो क्लिक की फिर सुसाइड नोट के साथ उसे अपने दोस्त के व्हाट्सएप पर सेंड कर दिया. आखिर में पति-पत्नी दोनों ने पुल से गंगा में छलांग लगा दी।
          वहीं, जिस दोस्त के व्हाट्सएप पर सुसाइड नोट और फोटो शेयर किया था उसने तुरंत सौरभ बब्बर के परिजनों को बताया और परिजन तुरंत पुलिस के पास पहुंचे. जिसके बाद सौरभ और मोना को ढूंढने का प्रयास शुरू हुआ. काफी कोशिश करने के बाद हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में गंग नहर से सौरभ का शव मिल गया. सौरभ का शव मिलने के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है. लेकिन अभी पत्नी मोना बब्बर का शव नहीं मिला है. पुलिस और गोताखोर मोना की तलाश कर रहे है।


छिद्दरवाला में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य सम्मान समारोह का आयोजन

स्पष्ट एक्सप्रेस।
छिद्दरवाला, 14 अगस्त 2024: रायवाला मंडल के छिद्दरवाला पंचायत भवन में 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के पूर्व हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत एक भव्य सामाजिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता छिद्दरवाला की ग्रामप्रधान कमलदीप कौर ने की। जिसमें मंडल संयोजक सतपाल सैनी और मंडल सहसंयोजक बलविंदर सिंह मौजूद रहे | कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री सुरेंद्र सिंह बिष्ट द्वारा किया गया।
          समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रविंद्र राणा और जिला संयोजक देवेंद्र सिंह मौजूद रहे। इनके साथ सहसंयोजक मनोज ध्यानी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा सभी भूतपूर्व सैनिकों और भूतपूर्व शिक्षकों को मां भारती की स्मृति भेंट देकर सम्मानित किया गया।
          सम्मानित व्यक्तियों में हवलदार बगीचा सिंह, कैप्टन दिगंबर थापा, कैप्टन हरिप्रसाद राई, पूर्व सैनिक भरत सिंह नेगी, मेजर वाई.बी. थापा, नायब सूबेदार गोविंद प्रसाद शर्मा, सीआईडी हुकम सिंह रावत, पूर्व सैनिक बुद्धि बहादुर खत्री, पूर्व सैनिक धीरज थापा, पूर्व सैनिक किशन बहादुर थापा, शिक्षक प्रवक्ता भुवनेश्वर प्रसाद रतूडी, पूर्व प्रधानाचार्य कांति प्रसाद वर्मा, पूर्व प्रवक्ता दिलबाग सिंह, प्रवक्ता रमेश चंद्र नैथानी, प्रोफेसर सत्यपाल बहुगुणा, पूर्व प्रधानाचार्य बलवीर सिंह रावत, पूर्व प्रधानाचार्य सते सिंह बिष्ट, सब इंस्पेक्टर जगदंबा प्रसाद बडोनी, औणेश्वर मंदिर के पुजारी राधेश्याम भट्ट, और उम्मेद सिंह पोखरियाल मौजूद रहे।
          कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों में प्रधान संगठन के प्रदेश प्रवक्ता सोबन सिंह कैन्तूरा, पूर्व ग्राम प्रधान हरीश कक्कड़, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर खत्री, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनीता राणा, हरीश पैन्यूली, अंबर गुरुंग, रायवाला मंडल मीडिया प्रभारी अतुल शर्मा, आयुष रावत, महिला मोर्चा रायवाला मंडल अध्यक्ष श्रीमती समा पंवार, रवि पोखरियाल, शैलेंद्र रांगड़ मौजूद रहे | इस समारोह में भारी संख्या में स्थानीय जनता ने भाग लिया और कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति की भावना को जागृत करना और उन सभी का सम्मान करना था, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में देश की सेवा की है।


Post a Comment

0 Comments