ऋषिकेश, 11 जनवरी 2024: राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज में सोमवार 08 जनवरी को वन विभाग की जीप सड़क दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें चार की मौत हो गयी थी। एक महिला अधिकारी, वन्य जीव प्रतिपालक (SDO) चीला, आलोकी दुर्घटना में लापता चल रही थी। SDRF लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही थी।
मणिकांत मिश्रा, कमांडेंट SDRF के आदेशानुसार SDRF के विशेषज्ञ गोताखोरों द्वारा सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान SDRF टीम को चीला पावर हाउस के निकट नहर में शव बरामद कर लिया गया।
SDRF द्वारा युद्ध स्तर पर सर्च आपरेशन चलाया जा रहा था। SDRF के डीप डाइवर्स द्वारा स्कूबा डाइविंग करते हुए नहर के तल तक गहराइयों में खोजबीन की जा रही थी।
आज सुबह चीला शक्ति नहर का पानी कम किया गया। जिसके बाद राफ्ट, मोटर बोट, डीप डाइवर्स इत्यादि की सहायता से नहर में सर्च किया गया। इसी सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम को सफलता मिली। वन्य जीव प्रतिपालक आलोकी का शव बरामद हो गया। हादसे में घायल पांच में से तीन को डिस्चार्ज कर दिया गया है। गंभीर घायल दो लोगों का उपचार एम्स ऋषिकेश में किया जा रहा है।
देहरादून जिले में सत्ता की हनक के नमूने ही नमूने
देहरादून, 12 जनवरी 2024: रिस्पना नदी के पुल पर बने हाईवे के उपरोक्त दोनों ओवर हेडबोर्ड जो कभी आम नागरिक, राहगीरों और टूरिस्ट की जानकारी के लिए विभिन्न स्थानों की दूरी बताने के लिए लगाए गए थे, लेकिन हाईवे के ऊपर लगे इन ओवर हैड बोर्ड को देखकर अब ऐसा लगता है जैसे यह अब माननीयों व उनके छूट भैय्या नेताओं की निजी संपत्ति बनकर रह गई है। ये ओवर हैड बोर्ड जिसमें वे या चाहें जैसे संदेश, बधाई, जन्मदिन की शुभकामनाएं देने का पैड बन गए हैं। हाईवे के अधिकारी इन बोर्डों को अनदेखा करते नजर आ रहे हैं।
हालंकि संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में संपर्क नहीं हो पाया, लेकिन रिस्पना पुल हाईवे पर लगे उपरोक्त ओवर हैंड बोर्ड को देख कर ऐसे लगता है कि गूगल मैप आने के बाद से उनकी आवश्यकता खत्म हो गई है। इस लिए संबंधित विभाग द्वारा हाईवे के इन बोर्डों को माननीयों के जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देने के लिए आरक्षित कर दिया है।
ऋषिकेश, 11 जनवरी 2024: ऋषिकेश पंडित ललित मोहन शर्मा श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर ऋषिकेश के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी आदित्य प्रकाश गुप्ता, मोनी 12 से 16 जनवरी 2024 तक आयोजित 27 वें राष्ट्रीय युवा उत्सव 2024 नासिक महाराष्ट्र में सहभागिता करेंगे, जिसका उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाएगा। एनएसएस के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अशोक कुमार मेंदोला ने बताया कि उत्तराखंड से 12 स्वयंसेवी शिविर में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे जिसमें उनके द्वारा यहां की लोक संस्कृति को दूसरे राज्यों से आए स्वयंसेवियों को अवगत कराया जाएगा और अन्य राज्यों की संस्कृति से भी अवगत होंगे इन सभी स्वयंसेवियों का चयन उत्तराखंड की संपूर्ण एन एस एस इकाइयों के माध्यम से किया गया है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो एन के जोशी, परिसर के निदेशक प्रो महावीर सिंह रावत, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति खंडूरी, डॉ.पारूल मिश्रा ने स्वयंसेवियों के चयन पर छात्रों को बधाई दी।
लंढौरा (हरिद्वार), 11 जनवरी 2024: चमनलाल पीजी कॉलेज की सात छात्राओं ने यूनिवर्सिटी मेरिट में स्थान हासिल किया है। इनमें से दो छात्राओं ने यूनिवर्सिटी टॉप की है।
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने विगत सत्रों की टॉपर्स लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में स्नातक तथा स्नातकोत्तर की विभिन्न उपाधियां में टॉप 3 स्थान हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं के नाम जारी किए गए हैं। इस बार चमनलाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यूनिवर्सिटी मेरिट में सात स्थान प्राप्त किए हैं। एमए होम साइंस में अंजलि प्रदीप चौधरी ने 80 प्रतिशत अंकों के साथ यूनिवर्सिटी टॉप की है। इस विषय में दूसरे स्थान पर भी चमनलाल महाविद्यालय की छात्रा पूर्णिमा शर्मा रही हैं।
स्नातकोत्तर स्तर पर ड्राइंग एंड पेंटिंग विषय में निशा कंचन ने 80 प्रतिशत अंकों के साथ यूनिवर्सिटी मेरिट में तीसरा स्थान हासिल किया है।
एमलिब उपाधि में नेहा ने 72 फीसद अंकों के साथ दूसरा और वैशाली पुंडीर ने 70 फीसद अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है। बीएससी होम साइंस में भी महाविद्यालय की छात्राओं ने अपनी योग्यता का उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इस उपाधि में पहला और तीसरा स्थान चमनलाल महाविद्यालय की छात्राओं को प्राप्त हुआ। शिवानी सेठपाल ने 77 प्रतिशत अंकों के साथ यूनिवर्सिटी टॉप की, जबकि सना परवीन ने 73 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने बताया कि हरिद्वार जनपद के समस्त महाविद्यालयों में चमनलाल महाविद्यालय की सर्वाधिक छात्राओं ने यूनिवर्सिटी की मेरिट में स्थान प्राप्त किए हैं। पूर्व में भी महाविद्यालय की एक छात्रा यूनिवर्सिटी टॉप कर चुकी है। महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने कहा कहा कि सभी टॉपर्स को आगामी गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने छात्राओं की उपलब्धि से छात्रों को प्रेरणा लेने को कहा है।
0 Comments