Header Ads Widget

11 January Spasht Express 2024

चीला हादसे में जान गंवाने से पहले मुस्कराते हुए चेहरे बयां कर रहे उनके जिंदादिल होने की कहानी 

ऋषिकेश, 11 जनवरी 2024: ऋषिकेश के चीला बैराज के पास हुए हादसे में वन अधिकारियों के इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) को लेकर नई बात सामने आयी है। इलाज करा रहे कंपनी के वाहन चालक का कहना है कि चढ़ाई पर वाहन में अचानक जोर की अचानक आई और वाहन अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से और बाद में चीला नहर के पैराफिट से जा टकराया। इसके बाद वाहन के अधिकांश लोग छिटकरकर इधर-उधर गिर गये। उनका कहना है कि हादसे से पहले वाहन से जोरदार आवाज आई थी। यह पता नहीं है कि आवाज टायर फटने की थी या किसी पार्ट के टूटने की।

चीला हादसे में हमने दो हंसमुख और जिंदादिल अधिकारियों को खो दिया। युवा और ऊर्जावान महिला अधिकारी वन्यजीव प्रतिपालक आलोकी चीला नहर में लापता हैं। इस हादसे से पहले का वीडियो आप भी देखेंगे तो यकीन नहीं कर पाएंगे कि उम्मीद और जोश से भरे ये चेहरे आखिर पलभर में कहां चले गए। चीला हादसे में हमने जिन अधिकारियों को खो दिया, उनका वीडियो ही अब उनकी आखिरी निशानी बन गया है। इस वीडियो को देखकर हर किसी का दिल भर आ रहा है। इसमें एक झलक हादसे के बाद की भी है, जिसमें दिख रहा दुर्घटना का मंजर दिल को दहला देने वाला है।

ऋषिकेश क्षेत्र में चीला बैराज के पास वन विभाग के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की कहानी चालक अमित सेमवाल और हिमांशु गुसाईं ने बयान की है। भीषण हादसे में अमित व हिमांशु घायल दोनों घायल हो गए थे। हालांकि, इस दुःखद हादसे में वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) शैलेश घिल्डियाल और उप वन क्षेत्राधिकारी (डिप्टी रेंजर) प्रमोद ध्यानी, सैफ अली खान और कुलराज की जान चली गई। दूसरी तरफ सहायक वन संरक्षक/वन्यजीव प्रतिपालक आलोकी चीला शक्ति नहर में गिर गईं। दुर्घटना में राजाजी नेशनल पार्क के पशु चिकित्सक डॉ राकेश नौटियाल, अंकुश व वाहन चला रहे अश्वनी बीजू भी घायल हो गए।

अमित व हिमांशु का कहना है कि सभी चीला रेंज से इलेक्ट्रिक इंटरसेप्टर वाहन से सफारी कर लौट रहे थे। इसी दौरान अधिकारियों ने सड़क पर भी वाहन का ट्रायल करने की बात कही। चीला बैराज के पास की चढ़ाई वाले भाग को पार करते समय वाहन अचानक असंतुलित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। इसके बाद भी वाहन रुका नहीं और चीला नहर के पैराफिट से जा टकराया। इस टक्कर में वन्यजीव प्रतिपालक आलोकी छिटककर नहर में जा गिरीं। जबकि रेंजर शैलेश घिल्डियाल व डिप्टी रेंजर प्रमोद ध्यानी बुरी तरह चोटिल होने के साथ ही बेहोश हो गए। डॉ राकेश नौटियाल, सैफ अली खान और अंकुश को भी गंभीर चोटें आई थीं।

विभागीय वाहन चालकों के मुताबिक वाहन को कंपनी का चालक अश्वनी बीजू चला रहा था। उसके बगल की फ्रंट सीट पर हमांशु गुसाईं बैठे थे। दूसरी सीट पर चालक अमित सेमवाल रेंजर शैलेश घिल्डियाल और डिप्टी रेंजर प्रमोद ध्यानी के साथ बैठे थे। वाहन की तीसरी सीट पर पशु चिकित्स्क डॉ राकेश नौटियाल और वन्यजीव प्रतिपालक आलोकी सवार थे। वहीं, वाहन के सबसे पीछे सैफ अली खान, कुलराज व अंकुश खड़े थे।

परिवहन विभाग की तकनीकी टीम ने चीला में हादसे वाले स्थल पर पहुंचकर जांच की। प्रथम दृष्टया वाहन दुर्घटना का कारण चालक के वाहन से नियंत्रण खोना बताया गया है। सरकार व शासन की ओर से नियुक्त जांच अधिकारी के रूप में एआरटीओ कोटद्वार निखिल शर्मा, आरआई पौड़ी आनंद वर्धन घटनास्थल पर पहुंचे। मौके की गहन जांच की गई। उनका कहना था कि वाहन अत्यधिक गति में होने के कारण सीधा पेड़ से टकराया और उसके बाद 90 डिग्री दायीं ओर मुड़ गया और सीधा नहर के पुश्ते से टकरा गया।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना का कारण टायर फटना नहीं है। यदि टायर फटा होता तो काफी दूरी तक वाहन के घिसटने के निशान मौके पर होते, मगर ऐसा कुछ नहीं मिला। पेड़ से टकराने के बाद संभवत टायर फटा है। आरआई पौड़ी आनंद वर्धन के अनुसार डिटेल रिपोर्ट तैयार की जा रही है। मौके पर की गई जांच में वाहन के ब्रेक पेडल ठीक से काम करते मिले, स्टीयरिंग टूट गया था। दुर्घटना के बाद पिछला एक चक्का भी क्षतिग्रस्त हुआ है। जांच टीम में सहायक महाप्रबंधक परिवहन निगम कोटद्वार राकेश कुमार भी शामिल थे।



स्पष्ट एक्सप्रेस।
खैरी खुर्द, 10 जनवरी 2024: हाईवे पुलिया के नीचे निकासी नाली अवरुद्ध होने के कारण नाली में गंदा पानी सालों से जमा रहता है। 
           खैरी खुर्द लेन नंबर 1 की सर्विस लाइन के साथ किनारे किनारे जा रही नाली का पानी हाईवे के दूसरे छोर पर सिंचाई के लिए प्रयुक्त किया जाता है। लेकिन हाईवे की पुलिया के नीचे से निकासी अवरुद्ध है। जिस कारण नाली में गंदा पानी जमा रहता है।
           बुधवार 10 जनवरी को खबर का संज्ञान लेते हुए एनएच डोईवाला के अवर अभियंता सीपी सिंह द्वारा मौके का मुआयना किया गया।
           अवर अभियंता ने एनएच के बेलदार उमेश कुमार को हाईवे पुलिया के नीचे स्थिति जानने के लिए भेजा। बेलदार उमेश कुमार हाईवे पुलिया के नीचे दाईं तरफ से गए व बाईं तरफ से बाहर निकले। 
           बेलदार उमेश कुमार ने बताया कि पुलिया के नीचे लगभग साढ़े तीन फीट ऊंचाई तक दाल भरा हुआ है। इसके अलावा हाईवे के नीचे दूसरी तरफ पानी जाने के लिए ढाल भी नहीं है।शायद इसी कारण पानी अवरुद्ध रहता है। 
           इस दौरान मौके पर एनएच डोईवाला अवर अभियंता सीपी सिंह की मौजूदगी में बेलदार करतार सिंह, अंकित, सुरदीप, दीपक व उमेश कुमार मौजूद रहे।

जब से लगी है तभी से शो पीस बनी है हाई मास्ट लाईट 


स्पष्ट एक्सप्रेस।
ऋषिकेश, 10 जनवरी 2024: चंद्रेश्वर पब्लिक स्कूल शीशम झाड़ी ऋषिकेश में सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की कृपा से विशाल सत्संग का दिव्य आयोजन हुआ जिसमें देहरादून से आय ज्ञान प्रचारक महात्मा राजीव बिजलवाण जी ने अपने विचारो में कहा की भक्ति सुख दुख से ऊपर की अवस्था होती है भक्त और भगवान का मिलन भक्ति है। 
परमात्मा को जानकर भक्त हर समय प्रभु परमात्मा के एहसास में रहता है। भक्त और भगवान का नाता ब्रह्मज्ञान से जुड़ जाता है। फिर भक्त को सुख-दुख का कोई फर्क नहीं पड़ता वह हर समय आनंद और सुकून का जीवन जीते हुए भक्ति की अवस्था को प्राप्त करता है।
उन्होंने कहा कि सत्संग सेवा सुमिरन के बिना भक्ति अधूरी है। संतों का संग यानी सत्संग, सेवा, सिमरन करने से मन के विकार दूर हो जाते हैं और यह मन परमात्मा में लग जाता है।
 जिसने इस संपूर्ण सृष्टि और हम इंसानों की रचना की है। उसकी जानकारी ब्रह्मज्ञान से प्राप्त करके उसे हृदय में बसाना ही मानव जीवन उद्देश्य है। इस परमात्मा के एहसास में जितना अधिक हम रहेंगे उतना ही अधिक मानवीय गुण हमारे जीवन में आते रहेंगे और हमारा मन  भक्त बनेगा।
जब इस सत्य का ज्ञान हो जाते है तो फिर जीवन कैसा भी हो, कोई भी स्थिति हो, आनंद की अवस्था में ही हमारा जीवन व्यतीत होता है। कहा कि इस संसार में  परमात्मा के अलावा हर वस्तु ही माया है और हमारा मन माया की ओर ही निरंतर भागता है। इसलिए सत्संग का सहारा लेते हुए अपने मन को परमात्मा के साथ जोड़ना ही भक्ति है। सत्संग करने से ही मन से काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार जैसे अवगुण दूर हो जाते हैं और भक्त के जीवन में भक्ति वाले गुणों का वास हो जाता है।
सत्संग कार्यक्रम में देहरादून से शशि कपूर अनिल, यशोदा, अनीता, एवं सुशीला पुंडीर आदि ने गीत और भजन के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किया। इस मौके पर स्कूल प्रबंधक प्रमोद शर्मा भी उपस्थित रहे।


मंगल सिंह रावत (सामाजिक कार्यकर्ता) 
- की कलम से -
स्पष्ट एक्सप्रेस।
ऋषिकेश, 10 जनवरी 2024: सभी समानित जन प्रतिनिधियों को मेरा सादर प्रणाम।
        मैं आप लोगों का ध्यान इस ओर अकृष्ठ करना चाहता हूं,
समस्त महोदय, पूरे 4 वर्ष होने को हैं, पर आम जन की समस्या जस की तस बनी हुई है। सबका साथ सबका विकास का नारा तो जैसे धरातल से गायब है। जगह- जगह भरा पानी गंदी नाली का रूप ले चुका है, जो किसी भी गंभीर बीमारी को निमंत्रण दे सकता है।       
टूटी-फूटी सड़क जो किसी भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। गांव के मार्गों की तस्वीरों से साफ बयां हो रहा है कि विकास कहीं छुपा बैठा है। विकास के नाम पर धरातल पर खानापूर्ति की जा रही है।
सभी सम्मानित जन प्रतिनिधियों से विनम्र निवेदन है मेरी बातो को अन्यथा न लें। इस क्षेत्र का विकास करने के प्रयास में एकजुट होने की आवश्यकता है।

आप का अपना 
मंगल सिंह रावत (सामाजिक कार्यकर्ता)
खैरी कलां, श्यामपुर ऋषिकेश ।


खदरी में मानव सेवा के लिए आगे आया समूण फाउंडेशन
स्पष्ट एक्सप्रेस।
ऋषिकेश, 10 जनवरी 2024: मानव सेवा ही माधव सेवा है इस श्रद्धाभाव को लेकर मानवता और की सेवा को समर्पित समूण फाउंडेशन की ओर से संस्था के संस्थापक अध्यक्ष विनोद जेठूड़ी के आग्रह पर श्यामपुर खदरी में फाउंडेशन के मार्गदर्शक सदस्य  समाजसेवी विनोद जुगलान के नेतृत्व में फाउंडेशन की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर व जरूरतमंद परिवारों को सर्द मौसम में गर्म कम्बल वितरित किए गए।
        इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष विनोद जेठूड़ी ने संदेश देते हुए कहा कि हम किसी भी जातिधर्म में क्यों न पैदा हुए हों,लेकिन सबसे बड़ा धर्म मानवता है।हमें अपने आसपास रह रहे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद के लिए हाथ बढ़ाना चाहिए।     
  समाज सेवी एवं पर्यावरण विद विनोद जुगलान ने कम्बल वितरण करते हुए कहा कि मानव सेवा ही माधव सेवा है।आर्थिक रूप से सक्षम लोग समाज में अपना सहयोग का हाथ आगे बढ़ाते हुए मददगार बनें।आपकी आर्थिक शक्ति जरूरत मन्द की मदद और  प्रभु की भक्ति बन सकती है।उन्होंने कहा दान ही मानवधर्म का मूल है। इससे पूर्व समूण फाउंडेशन की ओर से बीती रात आईडीपीएल सीटी गेट, त्रिवेणीघाट, गुमानीवाला, कोयल घाटी में सड़क किनारे ठंड में सो रहे लोगों को गर्म कम्बल ओढ़ाए गए। जबकि बुधवार दिन के समय ग्रामीण क्षेत्र में जाकर चिन्हित जरूरतमंद दो दर्जन से अधिक लोगों को कम्बल वितरित किए गए।
        इस अवसर पर फाउंडेशन के जितेन्द्र सिंह जड़धारी नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता पण्डित प्रेम लाल कुलियाल, विजय पन्त, विकास कुमार, हेमन्त कुलियाल आदि रहे।


नशाखोरी से त्रस्त 14 बीघा निवासियों ने मुनि की रेती थानाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

स्पष्ट एक्सप्रेस  ब्यूरो,
मुनि की रेती, 10 जनवरी 2024: बुधवार 10 जनवरी को मुनिकीरेती ढालवाला क्षेत्र में बढ़ते नशाखोरी के खिलाफ ई- रिक्शा चालकों द्वारा गली मोहल्ले में तेज रफ्तार से चलना, नाबालिक युवकों द्वारा टू-व्हीलर पर ट्रिपल राईडिंग करते हुए  खतरनाक तरीके से ओवर स्पीड से चलना,  टू व्हीलर मोटरसाइकिल पर मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज ध्वनि पैदा करते हुए बच्चों, बुजुर्गों, एवम् महिलाओं में भय उत्पन्न करना, इन सभी पर प्रतिबंध लगाना एवं 14 बीघा सब्जी मंडी पुल पर गाड़ियों का खड़ा होना जिस वजह से जाम की स्थिति पैदा होना तथा पुलिस प्रशासन द्वारा रात को पूरे क्षेत्र में गश्त लगाने के संबंध में मुनि की रेती नगर पालिका सभासद, अजय रमोला के नेतृत्व में 14 बीघा मुनि की रेती निवासियों ने  थानाध्यक रितेश शाह को ज्ञापन प्रेषित किया व उम्मीद जताई कि शीघ्र  ही थाना अध्यक्ष द्वारा समस्याओं को संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी।
        थाना अध्यक्ष मुनि की रेती, पुलिस निरीक्षक रितेश शाह द्वारा  मौके पर ही मौखिक रूप से सभी प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया गया कि शीघ्र ही स्थानीय निवासियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए जमीनी स्तर पर  कार्रवाई की जाएगी। 
       गैरतलब है  पिछले कुछ दिनों से रात्रि 10 से 11 बजे के मध्य 14 बीघा रामलीला मैदान चौराहे के पास कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा अराजक गतिविधियां की जा रही थी, जिसकी लिखित रिपोर्ट देवेंद्र सिंह कंडारी (शिक्षाविद्)   द्वारा पुलिस चौकी मुनि की रेती को दी गई थी, साथ ही वार्ड 6 व 7 की लाइट बंद होने की सूचना से नगर पालिका को अवगत कराया गया उनके द्वारा आज जब निरीक्षण किया गया तो वार्ड 6 रावत प्रिंटर्स के सामने असामाजिक तत्वों द्वारा केबल की तार काटने का मामला संज्ञान में आया।
        इसी प्रकार लोगों द्वारा बताया गया कि कुछ दिन पूर्व भी इस प्रकार की गतिविधियां प्रतिदिन देखी जा रही हैं । जैसे  14 बीघा पुल के पास पालिका की तारों का चोरी होना, गाड़ी की बैटरी चोरी होना, गाड़ियों में तोड़-फोड़, राजीव ग्राम में स्ट्रीट लाइट की चोरी व घर में दिन दहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दिया जाना जैसी घटनाएं काफी दिनों से प्रकाश में आ रहीं थी।
          देवेंद्र सिंह कंडारी (शिक्षाविद् ) द्वारा बताया गया यह  एक सोचनीय प्रश्न है, उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं में तेजी से नशाखोरी का प्रचलन बढ़ता जा रहा है और जिसके कारण नशे के लिए इन युवकों द्वारा चोरी घटनाओं को भी अंजाम दिया जा रहा है, जिस पर सभी जागरूक नागरिकों द्वारा विचार किया जाना चाहिए। अगर यह सोचकर कि मेरा क्या, तो निश्चित मानिए कि अगला नंबर आपका भी हो सकता है।           उन्होंने अखबार के माध्यम से स्थानीय निवासियों से अनुरोध किया जिस तरह से उत्तराखंड में और हमारे क्षेत्र में अपराध और नशाखोरी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, इसको ध्यान में रखते हुए हमें केवल पुलिस प्रशासन, स्थानीय प्रशासन के भरोसे न रहकर इस असामाजिक बुराईयो का सामना करने के लिए स्वयं आगे आना होगा। जब हम जागरूक होंगे तभी स्थानीय प्रशासन हमारी सुनवाई करेगा  यदि साधारण भाषा में कहें तो "मां भी अपने बच्चों को दूध तभी पिलाती है जब बच्चा रोता है" अन्यथा आज नहीं संभले तो बहुत देर हो जाएगी। 

Post a Comment

0 Comments