Header Ads Widget

Spasht Express 14 Dec 2024

स्पष्ट एक्सप्रेस।


खबर 1

डोईवाला के प्रॉपर्टी डीलर की खानपुर (हरिद्वार) में हत्या
स्पष्ट एक्सप्रेस।
हरिद्वार, 13 दिसंबर 2024: जनपद देहरादून के डोईवाला कुड़कावाला निवासी रामशंकर (48 वर्ष) पुत्र रमेश चंद की जनपद हरिद्वार के खानपुर क्षेत्र में हत्या करने के बाद शव को खानपुर के समीप बाणगंगा नदी तट पर रेत में दबा दिया। रामशंकर 08 दिसंबर से लापता था। मृतक लक्सर क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
          जनपद देहरादून के डोईवाला कुड़कावाला निवासी रामशंकर बीती 08 दिसंबर को अपने घर से लक्सर के लिए रवाना हुए थे। लक्सर में वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। वहां उनका अपना कार्यालय भी है। उनका कार्य क्षेत्र लक्सर और उसके आसपास था। काफी तलाश करने के बाद जब उनका पता नहीं चला तो परिवार वाले थाना डोईवाला पहुंचे जहां उन्होंने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाई को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस की ओर से बताया गया कि रामशंकर का कार्य क्षेत्र लक्सर हरिद्वार है इसलिए गुमशुदगी की रिपोर्ट इस क्षेत्र में लिखी जाएगी इसके बाद परिवार वालों की ओर से थाना खानपुर जनपद देहरादून हरिद्वार में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस के अनुसार शुक्रवार के रोज रामशंकर का शव खानपुर के बाणगंगा चंद्रपुरी से बरामद किया गया। उनके हाथ बंधे थे, उनकी हत्या कर शव को रेत में दबा दिया गया था। प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि पैसे के लेनदेन को लेकर उनकी हत्या की गई है। पुलिस द्वारा मामले में लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल और उनके कार्यालय के आसपास की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
______________________________________________
खबर 2

देहरादून सिटी में ट्रैफिक नियम लागू कर डीएम साहब लूट रहे वाहवाही! नेपाली फार्म में सोया है पुलिस प्रशासन 

स्पष्ट एक्सप्रेस।
नेपाली फार्म, 13 दिसंबर 2024: हम सुधरते नहीं पुलिस सुधारती नहीं!
जी हां! सालों से नेपाली फार्म में ट्रैफिक के नियमों को ताक पर रखकर आवाजाही करते हैं वाहन।
          इस सम्बन्ध में कई मर्तबा खबरें ऑनलाइन एवं प्रकाशित कर पुलिस प्रशासन को चेताया जा चुका है। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन के सर पर जूं तक नहीं रेंगती। ना ही कोई दुपहिया चौपहिया वाहन जेब्रा लाइन से पहले रुकता है। और ना ही कभी कभी रेड लाइट का अनुसरण करता है। पुलिस की अनदेखी के कारण वाहन कभी भी, कहीं भी रुक जाते हैं, मुड़ जाते हैं। निकट ही पुलिस बूथ पर मौजूद थाना रायवाला पुलिस कर्मी ने बताया यहां की रेड लाइट कई दिनों से खराब है। और ज्यादातर खराब ही रहती है।
          जबकि बीते दिनों से देहरादून सिटी में ट्रैफिक नियमों का पालन करवाकर डीएम साहेब खूब शाबाशी बटोर रहे हैं। लेकिन नेपाली फार्म में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाई जाती हैं।
______________________________________________
खबर 3

पानी के कनेक्शन के लिए गड्ढा खुदवाया, 7 दिन बाद गड्ढा भरवाया, कनेक्शन फिर भी नहीं दिया !
स्पष्ट एक्सप्रेस।
खैरी खुर्द, 13 दिसंबर 2024: जल निगम ने पानी के कनेक्शन के लिए गड्ढा खुदवाया। सात दिन तक गड्ढा खुला रहा। ऑनलाइन खबर चली। जल निगम ने संज्ञान लिया। सात दिन बाद गड्ढा बंद कर दिया गया। और ताज्जुब की बात कनेक्शन फिर भी नहीं दिया। 
          बीते रोज खैरी खुर्द लेन नं. 8 में सात दिन पहले पानी का कनेक्शन देने के लिए पेयजल निगम द्वारा गड्ढा खोदा गया था। गड्ढे में रात में किसी के गिर जाने का भय बना हुआ था, चूंकि गड्ढे के चारों ओर कोई बैरिकेटिंग नहीं लगाई गई थी और ना ही कोई डिमार्केशन किया हुआ था। जिससे कोई भी दुर्घटना हो सकती थी।
          निगम के ठेकेदार ने बताया कि क्षेत्र में अन्यत्र कार्य की वजह से देरी हो रही है। एक दो दिन में दूसरी साइट में कार्य पूरा हो जाने के बाद उक्त लेन में कार्य किया जाएगा।
बहरहाल, देखते हैं कब तक प्रशासन होश में आता है।
______________________________________________
खबर 4

डीएम ने मजिस्ट्रीयल जांच के लिए एसडीएम ऋषिकेश स्मृता परमार को  किया जांच अधिकारी नामित
स्पष्ट एक्सप्रेस।
देहरादून, 13 दिसंबर 2024: डीएम देहरादून ने मजिस्ट्रीयल जांच के लिए उपजिलाधिकारी ऋषिकेश स्मृता परमार को जांच अधिकारी नामित किया है।
उपजिलाधिकारी ऋषिकेश स्मृता परमार ने बताया कि जिलाधिकारी देहरादून के आदेश के द्वारा 24 नवंबर को रात 9:45 बजे देहरादून रोड स्थित निकट फॉरेस्ट व्यू होटल ऋषिकेश में ट्रक संख्या यूके14सीए3234 के अज्ञात चालक द्वारा तेजी व लापरवाही से चलाकर सड़क के किनारे खड़े वाहनों व लोगों को टक्कर मारी। जिससे यूकेडी वरिष्ठ नेता त्रिवेन्द्र सिंह पंवार व अन्य व्यक्ति गुरजीत सिंह की मृत्यु हो गई थी तथा एक अन्य व्यक्ति जतिन, जिसकी उपचार के दौरान 25 नवंबर को मृत्यु हो गई है। उक्त दुर्घटना की मजिस्ट्रीयल जांच किए जाने के लिए उपजिलाधिकारी ऋषिकेश स्मृता परमार को जांच अधिकारी नामित किया है।
          साथ ही इस विज्ञप्ति के माध्यम से सर्वसाधरण को सूचित किया है कि उक्त दुर्घटना की किसी आमजन को कोई जानकारी हो या अपने बयान/साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता हो तो वह इस विज्ञप्ति के विज्ञापित होने की तिथि से 15 दिन के अन्दर किसी भी कार्यदिवस में मेरे कार्यालय/न्यायालय में प्रस्तुत कर सकता है।

खबर 5

कुलपति प्रो. एनके जोशी ने किया चमोली जिले के विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों के परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण
स्पष्ट एक्सप्रेस।
ऋषिकेश, 13 दिसंबर 2024: श्री देव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एनके जोशी ने विश्वविद्यालय से सम्बद्ध राजकीय महाविद्यालय नारायणबगड़ के अलावा चमोली जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का गहनता से निरीक्षण किया। बताते चलें कि विगत कुछ दिन पूर्व ही 07 दिसम्बर, 2024 को कुलपति प्रो. एनके जोशी ने देहरादून के विभिन्न संस्थानों/महाविद्यालयों का औचक निरीक्षण किया था। प्रो. जोशी ने बताया कि दूरस्थ पहाड़ों के महाविद्यालयों में परीक्षा केन्द्रों की स्थिति और व्यवस्थाओं को जानने एवं परीक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी को बनाये रखने के उद्देश्य से यह औचक निरीक्षण किया गया। वर्तमान में विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं गतिमान हैं निरीक्षण के दौरान उन्होनें परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर परीक्षा प्रक्रिया का जायजा लिया और परीक्षा को पारदर्शी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। 
         
कुलपति प्रो. जोशी ने निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्र के कर्मचारियों एवं पर्यवेक्षकों को परीक्षा में पारदर्शिता बनाये रखने के निर्देश दिये साथ ही स्पष्ट रूप से कहा कि अनुचित साधनों का उपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होनें सम्बन्धित प्राचार्याें को निर्देशित किया कि परीक्षा केन्द्र में सुरक्षा, अनुशासन एवं परीक्षार्थियों को कोई भी असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। 
कुलपति प्रो. जोशी ने औचक निरीक्षण के दौरान परीक्षार्थियों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होनें परीक्षा केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं यथा परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, लाईटिंग व्यवस्था, और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का बारिकी से जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी दशा में परीक्षार्थियों को असुविधा न हो। परीक्षार्थियों ने कुलपति प्रो. एनके जोशी की उपस्थिति को प्रेरणादायक बताया।
कुलपति प्रो. एनके जोशी ने अपने वक्तव्य में कहा कि परीक्षार्थियों का भविष्य एवं उनका नैतिक विकास हमारे लिए सर्वाेपरि है।
______________________________________________
खबर 6

रक्तदान शिविर का आयोजन, 35 यूनिट रक्तदान एकत्रित किया
स्पष्ट एक्सप्रेस।
ऋषिकेश, 12 दिसंबर 2024: लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल द्वारा गंगेश्वर घाट माँ आरती समिति एवं माँ जानकी रसोई 72 सीढ़ी तथा परिवर्तन चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सौजन्य से एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 35 यूनिट रक्तदान किया गया।
         कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी कार्यक्रम संयोजक लायन वीनीत गुलाटी एवं लायन अनुज अरोड़ा ने संयुक्त रूप से दी। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है।
          लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल के अध्यक्ष लायन सुमित चोपड़ा एवं क्लब सचिव लायन अभिनव गोयल ने सभी रक्तदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि समाज में इस प्रकार की पहल न केवल जरूरतमंदों की सहायता करती है, बल्कि सामाजिक चेतना का भी संदेश देती है। शिविर में माँ जानकी रसोई के सेवादारों के साथ-साथ लायंस क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से लायन वीनीत गुलाटी, लायन अनुज अरोड़ा, लायन सुमित चोपड़ा, लायन अभिनव गोयल, सागर ग्रोवर, आशीष अग्रवाल, ऋषभ जैन, अतुल जैन, हिमांशु अरोड़ा, अंकुर अग्रवाल आदि शामिल थे।
          इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में गंगेश्वर घाट माँ आरती समिति और परिवर्तन चैरिटेबल ब्लड सेंटर का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और जलपान प्रदान कर सम्मानित किया गया।
          लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल की ओर से भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया, ताकि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ें।
______________________________________________
खबर 7

छिद्दरवाला ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने रायवाला पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
स्पष्ट एक्सप्रेस।
छिद्दरवाला, 12 दिसंबर 2024: रायवाला पुलिस एक बार फिर सवालों के घेरों में है। जहां कुछ दिन पूर्व युवाओं ने रायवाला पुलिस पर वाहन चेकिंग के नाम स्थानीय लोगों को बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया था। वहीं, अब छिद्दरवाला ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बलविंदर सिंह लाले ने क्षेत्र में रायवाला पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सत्यापन के नाम पर पुलिस लीपापोती कर रही है। पुलिस ने बिना सत्यापन के रह रहे कुछ युवकों को पकड़ा और बिना जुर्माने के ही छोड़ दिया। पूछने पर पुलिस ने बताया कि उन्होंने बाद में सत्यापन करा दिया है। उन्होंने पुलिस पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। 


Post a Comment

0 Comments