मुनिकीरेती, 04 नवंबर 2024: सोमवार 04 नवंबर को आपदा राहत दल ने गुजरात से ऋषिकेश घूमने आए पति पत्नी को गंगा जी में डूबने से बचाया।
मिली जानकारी के अनुसार शाम लगभग 03 बजे नीम बीच में नदी किनारे पति पत्नी बैठे हुए थे। इसी दौरान एक गाय पति पत्नी की तरफ दौड़ते हुए आई, जिससे दोनों पति पत्नी गंगा जी की तरफ पानी में गिर गए। गंगा जी में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों तेज बहाव में बहने लगे।
इसी दौरान मौके पर तैनात रेस्क्यू टीम के कर्मियों ने दोनों को सकुशल बचा लिया। दोनों पति पत्नी ने रेस्क्यू टीम का दिल से सराहना करते हुए धन्यवाद किया।
डूबने वाले व्यक्तियों के नाम- मयूर भट्ट पुत्र कीर्ती कुमार भट्ट, उम्र 50 वर्ष, तर्जनी भट्ट पत्नी मयूर भट्ट, उम्र- 43 वर्ष, पत्ता - 39 बी, मुक्तिधाम सोसाइटी, न्यू सभा रोड वडोदरा, गुजरात। रेस्क्यू टीम में अनिल पाल शाह, सुनिल चौहान व महेश कुमार शामिल थे।
वैवाहिक एवं विवाह पूर्व काऊंसलिंग केन्द्र का उद्घाटन किया गया
देहरादून, 05 नवंबर 2024: न्यू कैंट रोड स्थित राज्य अतिथि गृह में "संकल्प वैवाहिक एवं पारिवारिक परामर्श केन्द्र” का मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कंडवाल द्वारा लाडपुर, रायपुर, रोड देहरादून में उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कंडवाल ने कहा कि आज परिवारों में पत्नी पत्नी के बीच बढते विवादों के कारण बहुत परिवार टूटने के कगार पर हैं। जिन्हें रोकने के लिए एक सामाजिक जागरूकता लाने की जरूरत है, जिसके लिए शादी पूर्व काऊंसलिंग तथा पति-पत्नी के मध्य बढते तनाव की प्रारम्भिक अवस्था में ही काऊंसलर की मदद लेने से समस्याओं को काफी हद तक सुलझाया जा सकता है।
इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि के रूप में पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा सुश्री रमींद्री मंद्रवाल तथा ब्रिगेडियर केजी बहल तथा श्री आशिष चौधरी डॉ. मुकुल शर्मा डॉ. एमएच खान व सतेन्द्र पंवार ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्राची पुण्डीर ने किया। संकल्प केंद्र का कार्यालय लाडपुर, रायपुर, रोड देहरादून में रहेगा।
इस अवसर पर संकल्प केन्द्र की संचालिका श्रीमती अनिता नेगी ने कहा कि काऊंसलिंग केन्द्र का मुख्य उद्देश्य परिवारों, विशेषकर पति-पत्नी के रिश्तों में बिखराव को कम करना है। उन्होंने कहा कि जो लोग वैवाहिक रिश्तों में तनाव की स्थिति से गुजर रहे हैं उन्हें उससे बाहर निकालना है। उन्होंने यह भी बताया कि केन्द्र का कार्यालय लाडपुर, रायपुर, रोड देहरादून में होगा।
इस अवसर पर प्रदीप कुकरेती, चेतन नेगी, कल्पना नेगी, अशोक वर्धन सिंह, राजीव पंवार, बिमल सिंह नेगी, सुभाष पंवार, मदन नेगी, बीएस पुण्डीर, देवेन्द्र पुण्डीर, अनूप चौहान, आशुतोष चौहान, श्रीमती सरोज चौहान, श्रीमती माधुरी पुण्डीर, कुमारी साक्षी व श्रीमती सविता भी उपस्थित थे।
एम्स हॉस्पिटल में फ्री होगा अल्मोड़ा बस दुर्घटना में घायलों का उपचार : डीएम
देहरादून, 5 नवंबर 2024: अल्मोड़ा बस दुर्घटना में घायलों का एम्स में उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने एम्स प्रशासन को आदेशित किया है कि अल्मोड़ा बस दुर्घटना के घायलों के उपचार एवं जांच में परिजनों से किसी प्रकार का चार्ज नहीं लिया जाएगा। औषधि, जाँच, उपचार निःशुल्क किया जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी कहा यदि किसी प्रकार का चार्ज आता भी है तो उसे जिला प्रशासन द्वारा वहन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी ऋषिकेश अमि्ता परमार को निर्देशित किया कि घायलों के परिजनों से समन्यवय बनाए रखेंगे तथा घायलों के निशुल्क उपचार के लिए पूरा सहयोग करेंगे।
0 Comments