Header Ads Widget

Spasht Express 22 Oct 2024




पुलिस की तत्परता से  बची महिला की  जान, परिजनों ने कहा "थैंक यू टिहरी पुलिस"

स्पष्ट एक्सप्रेस।
मुनिकीरेती, 21 अक्टूबर 2024: राजस्थान पुलिस द्वारा दूरभाष पर प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती टिहरी गढवाल को सूचना दी कि श्रीमति शर्मिला पत्नी राजेन्द्र निवासी कोटपुतली राजस्थान, उम्र 35 वर्ष घर से आत्महत्या करने के उद्देश्य से  ऋषिकेश तपोवन क्षेत्र में आई है जिसकी वर्तमान लोकेशन तपोवन घाट के पास है जिस पर प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती द्वारा आत्महत्या जैसा गंभीर मामला होने पर उक्त सूचना से श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी महोदय को अवगत कराया गया।
          वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उक्त महिला की खोजबीन करने हेतु प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती को निर्देशित किया गया। जिस पर प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती द्वारा स्वयं के निर्देशन में चौकी प्रभारी तपोवन, चौकी प्रभारी शिवपुरी व चौकी प्रभारी गूलर को जल पुलिस के साथ मिलकर टीम गठित की गई व अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत घाटों व बीच पर उक्त महिला को तलाशी में जुट गई। सभी टीमो द्वारा तत्काल अपने अपने क्षेत्र में उक्त महिला को तलाशना शुरू किया गया। 
          इस दौरान राफ्टिंग गाईड, पर्यटकों व स्थानीय लोगों को भी उक्त महिला का फोटो दिखाकर जानकारी जुटाई गई। परिणामस्वरूप ज्ञात हुआ कि उक्त महिला अभी कुछ समय पहले राफ्टिंग हेतू ब्रहमपुरी गई है। जिस पर प्रभारी चौकी तपोवन जल पुलिस व राफ्टिंग कर्मियों सहित सूचना के मद्देनजर उक्त महिला की राफ्ट को गरूड चट्टी के पास रूकवाने का प्रयास किया गया। जिस पर उक्त महिला द्वारा राफ्ट से गंगाजी में छलांग लगा दी। किंतु जल पुलिस व राफ्टिंग गाईड द्वारा तत्परता दिखाते हुए महिला को सकुशल बचा लिया गया। इसके उपरांत चौकी तपोवन महिला उप निरीक्षक दीपिका तिवारी द्वारा उक्त महिला की काउंसलिग की गई तो महिला द्वारा बताया कि वह राजस्थान परिवहन विभाग में कन्डक्टर के पद पर है तथा उनकी किसी पुरूष सहकर्मी ने उसकी फोटो एडिटिंग कर वायरल कर दी है जिसकी शिकायत उसके द्वारा राजस्थान पुलिस को भी दी गई है। इसी बात से क्षुब्द होकर वह राजस्थान से यहां गंगा नदी में राफ्टिंग के दौरान  कूदकर आत्महत्या करने ही वाली थी, किंतु तभी पुलिस वालों ने उसे बचा लिया। उक्त महिला के परिजनों को सूचित कर महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बहरहाल, पुलिस की  तत्परता से महिला की जान बच गई। 
महिला के परिजानों, स्थानीय लोगों व पर्यटकों द्वारा पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई व टिहरी पुलिस का आभार व्यक्त किया।



सरकार अशासकीय विद्यालयों के राजकीयकरण को तैयारः डॉ. धन सिंह रावत
स्पष्ट एक्सप्रेस।
देहरादून, 21 अक्टूबर 2024: विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित अशासकीय विद्यालयों के राजकीयकरण को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह से तैयार है। राजकीयकरण को लेकर किसी भी विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रस्ताव प्राप्त होने पर सरकार त्वरित कार्रवाही करेगी। इन विद्यालयों में लम्बे समय से रिक्त चल रहे शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक पदों को आयोग के माध्यम से ही भरा जायेगा, इसके लिये विभागीय अधिकारियों को पूर्व में ही निर्देश दे दिये गये हैं।
          सूबे के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज अपने शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने प्रदेशभर के आशासकीय विद्यालयों में लम्बे समय से रिक्त पदों को राज्य सरकार के किसी संस्था अथवा आयोग से भरने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से अशासकीय विद्यालयों में रिक्त पदों के सापेक्ष की जाने वाली भर्तियों में अनियमितता व भाई-भतीजावाद की शिकायतें मिलती रही है। जिसके मध्यनजर राज्य सरकार ने रिक्त पदों को भरने के लिये एक ठोस नीति बनाने के निर्देश पूर्व में ही विभागीय अधिकारियों को दे दिये गये हैं ताकि सभी भर्तियों को पारदर्शिता के साथ किया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि अशासकीय विद्यालयों की प्रबंधन समिति अपने विद्यालय का राजकीयकरण का प्रस्ताव उपलब्ध कराती है तो सरकार ऐसे विद्यालयों का राजकीयकरण करने के लिये तैयार है।
          विभागीय समीक्षा बैठक में राज्यभर में संचालित अटल उत्कृष्ट विद्यालयों, राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों, मॉडल विद्यालयों, कस्तूरब गांधी आवासीय विद्यालयों व नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावासों के बेहतर संचालन एवं प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की। जिसमें विभागीय मंत्री डा. रावत ने बैठक में वुर्चअल माध्यम से प्रतिभाग कर रहे विभिन्न जनपदों के शिक्षा अधिकारियों एवं खंड शिक्षा अधिकारियों से बिन्दुवार जानकारी हासिल की तथा सुझाव भी मांगे। विशेषकर प्रदेशभर में संचालित मॉडल प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरे जाने के संबंध में भी चर्चा की गई। जिसमें निर्णय लिया गया कि फिलहाल उक्त विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों के सापेक्ष अस्थाई व्यवस्था की जायेगी। जिसके लिये सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर दिशा-निर्देश जारी कर दिये जायेंगे।
          डॉ. रावत ने अन्य सभी श्रेणी के आवासीय विद्यालयों में रिक्त पदों को भरे जाने की प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही वार्डन की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये, साथ ही यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मुहैया करने को भी कहा। उन्होने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने जनपदों में सचालित विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर, कक्षा-कक्ष एवं भवनों तथा भूमि की उपलब्धता संबंधी आंकडे तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।
          बैठक में विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक झरना कमठान, अपर निदेशक एवं एपीडी समग्र शिक्षा डॉ. मुकुल सती एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे जबकि वर्चुअल माध्यम से अपर निदेषक गढ़वाल व कुमाऊं मंडल के साथ ही सभी जनपदों के सीईओ, डीईओ तथा बीईओ ने बैठक में प्रतिभाग किया।



Post a Comment

0 Comments