रेलवे फाटक पर अटकी सीएम धामी की फ्लीट
रायवाला, 15 सितम्बर 2024: श्यामपुर-रायवाला में जाम की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। जहां रायवाला का रेलवे फाटक अभी तक आम लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ था, वहीं रविवार को उत्तराखंड के सीएम धामी के लिए भी मुसीबत का सबब बन गया।
रविवार 15 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की फ्लीट भी रेलवे फाटक पर फंस गई। दरअसल, हुआ यूं कि व्यास आश्रम हरिपुरकलां में आयोजित अखिल भारतीय संस्कृत गोष्ठी में प्रतिभाग करने के लिए सीएम हेलीकाप्टर से रायवाला कैंट पहुंचे। जहां से वह कार से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए। तकरीबन 11:35 बजे सीएम धामी की कार रायवाला रेलवे क्रासिंग से गुजरी। लेकिन तभी ट्रैक पर शताब्दी ट्रेन के आने का समय हो गया। जिस कारण रेलवे फाटक बंद करना पड़ा। जिससे सीएम के पीछे चल रही एसीपी देहरादून की कार समेत पूरी फ्लीट फाटक पर ही अटक गई। करीब 10 मिनट बाद फाटक खुलने पर फ्लीट कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुई। बता दें कि हरिद्वार-ऋषिकेश तथा हरिद्वार-देहरादून रेल खंड पर यहां से एक दिन में करीब 62 ट्रेन गुजरती हैं।
डीएम ने चलाई बाइक, पीछे बैठे कप्तान और निकल पड़े ट्रैफिक का हाल जानने
देहरादून, 15 सितम्बर 2024: जिलाधिकारी सविन बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने आज मोटरसाईकिल पर सवार होकर संयुक्त रूप से शहर का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम जिलाधिकारी आवास से एक ही मोटरसाईकिल पर सवार होकर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक घंटाघर पंहुचे, यंहा उन्होंने जाम से निजात दिलाने तथा पार्किंग व्यवस्था हेतु संभावनाएं देखी। उन्हांने घंटाघर से पैदल पल्टन बाजार का निरीक्षण किया, जहां जिलाधिकारी ने पल्टन बाजार को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए, वहीं पार्किंग हेतु छोटे-2 स्थान चिन्हित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने शहर में जाम के लिए जिम्मेदार घटकों एवं संरचनाओं को चिन्हिकरण कर हटाने तथा फूटओवर ब्रिज की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।
डीएम ने कार्यदायी एजेंसियों को हिदायत दी कि शहर में चल रहे सीवर और पेयजल लाइन के कार्यों हेतु खोदी गई सड़कों को पहले ठीक करें, आगे के कार्यों की तभी मिलेगी अनुमति। सड़कों में जलभराव गढ्ढो की शिकायतों पर सम्बन्धितों को चेताया सड़क दुरूस्त करें, नही तो होगी कार्यवाही।
डीएम ने घंटाघर से बिंदाल चौक, बल्लुपुर चौक, बल्लीवाला चौक का निरीक्षण करते हुए यातायात समस्या, पार्किंग एवं जलभराव की स्थिति जानी तथा इसमें सुधार हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाने के भी निर्देश दिए। शहर की यातायात समस्या, जलभराव, सड़कों के गढ्ढे आदि समस्याओं के निस्तारण हेतु 04 जोन में बांटा गया, जिन पर डीएम कभी भी निरीक्षण किया जाएगा इसके लिए अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। चौराहों के सौन्दर्यीकरण कार्य करने को भी निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पल्टन बाजार एवं सीएमआई चौक में पिंक बूथ बनाने के निर्देश दिए साथ ही पल्टन बाजार में महिलाओं हेतु अलग से टायलेट बनाने को निर्देशित किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात मुकेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
0 Comments